Buy Advt. Space

हिट एंड रन मामले में विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह गिरफ्तार

By

रायपुर। राजधानी रायपुर में सामने आए हिट एंड रन मामले में भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अग्रसेन धाम चौक के पास हुई थी।

जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार चला रहे लक्की सिंह ने बाइक सवार युवक त्रिभुवन सिंह ठाकुर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल त्रिभुवन सिंह ठाकुर तेलीबांधा क्षेत्र का निवासी है और डीजे इवेंट का काम करता है। बताया जा रहा है कि वह घटना की रात काम से लौट रहा था।

हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। पीड़ित के भाई राज नारायण सिंह ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन नंबर और पंजीकरण विवरण के आधार पर कार चालक की पहचान लक्की सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जोरा मॉल से तेलीबांधा की ओर आ रहा था, तभी अचानक बाइक सामने आ गई और संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया।

फिलहाल घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे अस्पताल में विशेष निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है।

Leave a Comment