Buy Advt. Space

राजिम कुंभ कल्प 2026 की तैयारियों पर संभागायुक्त-कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक

By

सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प 2026 के सफल आयोजन को लेकर आज राजिम सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर संभाग आयुक्त श्री महादेव कावरे ने की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, धमतरी, रायपुर एवं गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन पर जोर

बैठक में तय किया गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजिम कुंभ कल्प मेला भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य मंच, विभागीय स्टॉल, दुकानें, मीना बाजार और फूड जोन स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही व्यापक पार्किंग व्यवस्था और हेलीपैड निर्माण के भी निर्देश दिए गए।

सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश

संभाग आयुक्त श्री कावरे ने रायपुर, धमतरी और गरियाबंद जिले के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री उइके ने जिले के अधिकारियों से कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता और तत्परता से निर्वहन सुनिश्चित करें।

मेला क्षेत्र में सुविधाओं की विस्तृत रूपरेखा तय

बैठक में गंगा आरती स्थल से मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड, सजावट, लाइटिंग, हाईमास्ट लाइट, शौचालय, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बस स्टैंड से मेला स्थल तक बस सेवा, पेयजल पाइपलाइन, दाल-भात केंद्र, साधुओं के लिए कुटिया निर्माण, बांस-बल्ली व जलाऊ लकड़ी की व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

संभाग आयुक्त ने साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था, मंदिरों और धार्मिक स्थलों के रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ कंट्रोल रूम संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

मेला स्थल का निरीक्षण, मौके पर दिए निर्देश

बैठक के पश्चात संभाग आयुक्त श्री कावरे एवं कलेक्टर श्री उइके ने अधिकारियों के साथ नए मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, वीआईपी व सामान्य पार्किंग, मीना बाजार, फूड जोन, कंट्रोल रूम, हेलीपैड स्थल, राजीव लोचन मंदिर, संत समागम स्थल एवं गंगा आरती स्थल से मेला स्थल तक चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री शशिगानंदन के., जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पवन प्रेमी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र चंद्राकर, एसडीएम राजिम श्री विशाल महाराणा, सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment