Buy Advt. Space

Breaking News; कोपरा बस स्टैंड में तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर

By

तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौके पर महिला की मौत

कोपरा नगर के बस स्टैंड में सोमवार शाम लगभग 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

कार चालक हादसे के बाद फरार, राजिम में पकड़ा गया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही राजिम पुलिस ने घेराबंदी कर कार को राजिम बस स्टैंड में पकड़ लिया। आरोपी चालक महासमुंद का निवासी बताया जा रहा है।

किसी काम से राजिम से पांडुका जा रहा था दंपत्ति

जानकारी अनुसार, मृतिका और उसका पति धमतरी जिले के ग्राम मेड़क्का के रहने वाले हैं। दोनों मृतिका के मायके ग्राम चंदना आए हुए थे और सोमवार को किसी काम से राजिम होते हुए पांडुका जा रहे थे। जैसे ही वे कोपरा बस स्टैंड पहुंचे, तभी सामने से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को बुरी तरह से टक्कर मार दी।

घटना इतनी भीषण कि आसपास के लोग भी घायल

हादसा बेहद भीषण था। टक्कर की तीव्रता इतनी थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और न सिर्फ दंपत्ति बल्कि पास में मौजूद कुछ लोग भी मामूली रूप से घायल हो गए।

घायल पति का उपचार जारी, मृतका का शव मरच्यूरी में

हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील साहू के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
पांडुका पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतका का शव मरच्यूरी में रखवा दिया है। हादसे की जांच जारी है।

छह माह पहले हुई थी शादी

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील साहू और मृतका पुष्पा साहू की शादी मात्र छह महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दंपत्ति इतने बड़े हादसे का शिकार हो गए, जिससे परिवार में मातम छा गया है।

Leave a Comment