बेरहमी से पिटाई, एक छात्र बेहोश होकर गिरा

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद । जिले के फिंगेश्वर विकासखंड से शिक्षक की बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। तरीघाट हाईस्कूल में पदस्थ शिक्षक लक्ष्मण तारक पर कक्षा 9वीं के छात्रों को डंडे से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पिटाई के दौरान एक छात्र बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि कई छात्रों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
छात्र बोले मामूली बात पर भी मिलती थी डंडे की मार
पीड़ित छात्रों ने बताया कि शिक्षक अक्सर मामूली बातों पर भी अनावश्यक रूप से मारपीट करता था। छात्र डर के कारण शिकायत नहीं कर पाते थे, लेकिन इस बार अत्यधिक पिटाई के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर अपने पालकों को सारी बात बताई।
बीच-बचाव करने आए एक अन्य छात्र को भी शिक्षक ने पीट दिया।
छात्राओं ने लगाए अश्लील टिप्पणियों के आरोप
सबसे गंभीर आरोप छात्राओं ने लगाया है। उन्होंने बताया कि शिक्षक अक्सर उनके ऊपर अशोभनीय और अश्लील टिप्पणियाँ करता था। भय के कारण वे शिकायत नहीं कर पा रही थीं।
पालकों में आक्रोश, स्कूल परिसर में जमकर विरोध
शुक्रवार को दर्जनों पालक स्कूल पहुँचे और शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पालकों ने कहा कि जिस शिक्षक पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी होती है, वही यदि ऐसी हरकतें करे तो बच्चों की सुरक्षा कैसे होगी?
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना के समय अन्य शिक्षक मौजूद थे, लेकिन किसी ने आरोपी शिक्षक को रोकने की कोशिश नहीं की।
ग्रामीणों और शिक्षकों की बैठक, शिक्षक को अंतिम चेतावनी
मामले के बढ़ते तनाव को देखते हुए ग्रामीणों और शिक्षकों की बैठक बुलाकर शिक्षक को अंतिम चेतावनी दी गई। फिलहाल विवाद को प्राथमिक स्तर पर सुलझा लिया गया है, लेकिन पूरे क्षेत्र में शिक्षक की हरकतों को लेकर गंभीर चिंता व्याप्त है।
बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
तरीघाट हाईस्कूल में सामने आया यह मामला स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग दोनों के लिए चेतावनी है। पालकों का कहना है कि यदि स्कूल में ही बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों जोखिम में पड़ सकते हैं।








