Buy Advt. Space

ABVV में एडमिशन विवाद, NSUI-कुलसचिव की तीखी बहस का वीडियो वायरल…

By


बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में गुरुवार को तब हंगामा मच गया, जब NSUI नेता लक्की सुशांक मिश्रा और कुलसचिव तारनिष गौतम के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद तब भड़का जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से शुल्क लेकर एडमिशन देने और आंतरिक परीक्षा में शामिल कराने के बाद अचानक उन्हें ट्रांसफर सर्टिफिकेट (T.C.) थमा दिया।

एडमिशन दिया, परीक्षा दिलाई… अब कहा– पंजीयन नहीं हुआ

सूत्रों के अनुसार, कई छात्रों को विश्वविद्यालय ने बाकायदा प्रवेश दिया और इंटरनल परीक्षा में बैठाया। लेकिन बाद में उन्हें यह कहते हुए टीसी लौटा दी गई कि उनका पोर्टल पर Registration नहीं हो पाया है।
यहां तक कि एक छात्रा को माइक्रोबायोलॉजी में प्रवेश भी दे दिया गया था, फिर उसी छात्रा को अचानक टीसी थमा दी गई।

पंजीयन की जिम्मेदारी यूनिवर्सिटी की, खामियाजा छात्रों को

पंजीयन कराना पूरी तरह से विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी थी, लेकिन उसकी लापरवाही का नुकसान सीधे छात्रों को उठाना पड़ा। जब पीड़ित छात्र विरोध करने पहुंचे, तो प्रशासन द्वारा उन्हें दबाव में लेने और धमकाने की शिकायत भी सामने आई।

NSUI का हस्तक्षेप, कुलसचिव से तीखी बहस

घटना की जानकारी मिलते ही NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की सुशांक मिश्रा छात्रों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने कुलसचिव और प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक करते हुए तुरंत जवाब मांगा।
मिश्रा ने कहा “विश्वविद्यालय की गलती का खामियाजा किसी भी छात्र को नहीं भुगतना पड़ेगा। जब तक सभी प्रभावित छात्रों का प्रवेश बहाल नहीं हो जाता, NSUI शांत नहीं बैठेगी।”

प्रवेश बहाल करने का आश्वासन

NSUI के कड़े रुख के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की जांच करने और प्रभावित छात्रों के प्रवेश बहाल करने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल मामले में छात्रों, अभिभावकों और युवाओं में भारी आक्रोश बना हुआ है।

Leave a Comment