पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जनपद पंचायत मैनपुर में हाल ही में संपन्न हुई महिला एवं बाल विकास विभाग की सामान्य सभा के बाद विभाग पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जनपद सदस्य परमेश्वर जैन ने विभाग में चल रही अनियमितताओं और आंगनबाड़ी भर्ती में कथित धांधली का आरोप लगाया है।
परमेश्वर जैन ने कहा कि विभाग द्वारा नियमों को ताक पर रखकर आंगनबाड़ी भर्ती की गई है, जिससे पात्र आवेदकों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सामान्य सभा की बैठक में कई स्थानों पर चुने हुए जनप्रतिनिधियों की जगह उनके पतियों की सीधी दखलंदाजी देखी गई, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। जनपद सदस्य का कहना है कि यदि जांच सही ढंग से हुई तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस बयान के बाद जनपद क्षेत्र में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मैनपुर में महिला बाल विकास विभाग पर धांधली के गंभीर आरोप








