Buy Advt. Space

सांप के काटने से महिला की मौत, मैनपुर में दहशत

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद जिला के मैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बुरजाबहाल के आश्रित ग्राम बंदपारा में सर्पदंश की चपेट में आने से एक 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम हीरंदी सौरी बताया जा रहा है। घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे की है, जब हीरंदी अपने खेत के पास स्थित घर में थीं। उसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया।

परिजनों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि गांव में इससे दो दिन पहले भी सर्पदंश की एक घटना घटी थी, जिसमें सेशमल नागेश नामक युवक को सांप ने काटा था। हालांकि, समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की मौत सर्पदंश से हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की और कहा कि बारिश और ठंड के मौसम में ऐसे मामलों की संभावना बढ़ जाती है।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में सर्पदंश जागरूकता अभियान चलाया जाए और सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-वेनम दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment