पितेश्वर हरपाल छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। यह घटना छुरा थाना क्षेत्र की है, जहां देव उठनी एकादशी की दोपहर को खेलते-खेलते बच्ची अचानक लापता हो गई। जब वह शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसे खोजने की कोशिश शुरू की। देर रात बच्ची झाड़ियों में आपत्तिजनक हालत में मिली, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को घटनास्थल से भागते हुए देखा और पीछा कर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी के हाथ-पैर बांध दिए और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।








