नक्सल प्रभावित मटाल और राजाडेरा में पुलिस की पहल समुदाय से जुड़ने पुलिस का “कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम”
एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, समाधान का भरोसा दिया
पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना मैनपुर क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम मटाल और राजाडेरा में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्कूल भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी पर अपनी बातें रखीं, जिन पर एसपी ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों, महिलाओं और ग्राम प्रमुखों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। बच्चों को स्कूल बैग, चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए गए, जबकि महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को साल भेंट स्वरूप दिए गए।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर की मेडिकल टीम, जिसमें डॉक्टर चमन कण्ड्रा भी शामिल थे, ने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और दवाइयों का लाभ लिया।
साथ ही पुलिस विभाग ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। पुलिस ने बताया कि जो नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, वे आत्मसमर्पण कर समाज से जुड़ सकते हैं। इसके लिए पुलिस ने गांव में पोस्टर लगाए हैं और संपर्क हेतु दूरभाष नंबर 94792-27805 जारी किया गया है।
गरियाबंद में पुलिस का कम्युनिटी कार्यक्रम, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं








