छत्तीसगढ़ के तीन एथलीटों का चयन 23वीं एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चेन्नई में दिखाएंगे दमखम



बिलासपुर छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है! राज्य के तीन अनुभवी एथलीट जी. केमेश्वर, नेमसिंह पोर्ते और राजेश मनी सिंह का चयन 23वीं एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के लिए किया गया है, जो अगले महीने चेन्नई के चेंगडू में आयोजित होगी।
यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (MAFI) के तत्वावधान में होगा, जिसमें भारत की ओर से चयनित खिलाड़ी एशिया के 30 से अधिक देशों के एथलीटों से मुकाबला करेंगे।

चयनित खिलाड़ी:
जी. केमेश्वर (आयु 40+) — 100 और 200 मीटर दौड़
नेमसिंह पोर्ते (आयु 55+) — 800 और 1500 मीटर दौड़
राजेश मनी सिंह (आयु 50+) — शॉट पुट और डिस्कस थ्रो
छत्तीसगढ़ मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव ताजुद्दीन ने बताया कि इन तीनों खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन समिति को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर भारत का झंडा लहराने जा रहे हैं।”
संघ ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों से खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग और अनुमति प्रदान करने की अपील की है, ताकि वे देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।








