
बिलासपुर धरसींवा। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर हादसों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते तीन दिनों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जिनमें रायपुर के एक दैनिक अखबार के संपादक भी हैं। सभी हादसे सिक्स लेन की बीच वाली लेन में हुए और मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
ताजा हादसे में मां-बेटे की मौत
शुक्रवार को अमर जवान पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में धनंजय साहू (42) और उनकी मां पार्वती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों धरसींवा की ओर जा रहे थे। घटना के बाद धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो दिन पहले भी हुई महिला की मौत
आठ अक्टूबर को इसी हाईवे पर नेहा सेन (24) नामक महिला की बाइक फिसलने से गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान 9 और 10 अक्टूबर की दरम्यानी रात डीकेएस अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
अखबार संपादक की भी सड़क पर हुई मौत
इसी मार्ग पर दो दिन पहले “दबंग दुनिया” के संपादक आनंद प्रकाश दीक्षित की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मोहदा ओवरब्रिज पर हुआ था।
तीन दिनों में लगातार हुए इन हादसों से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने और हेलमेट पहनने की सलाह दी है।








