अंकित टाटिया की रिपोर्ट। बालोद, 18 सितम्बर 2025
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत बालोद जिले में आदि सेवा पर्व की शुरुआत 17 सितम्बर से की गई, जो 02 अक्टूबर तक चलेगा। पहले दिन कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा बालोद विकासखण्ड के ग्राम परसदा पहुँचीं और ग्रामीणों के बीच बैठकर गाँव के विकास पर चर्चा की। ग्रामीणों ने आवास, सड़कों, पेयजल और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी अपनी मांगें एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
कलेक्टर मिश्रा ने किसानों को धान के बदले कम पानी वाली फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया और अधिकारियों को सभी समस्याओं व सुझावों को लिखित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि 2 अक्टूबर को विशेष ग्रामसभा में उनका अनुमोदन हो सके।
इसी तरह जिले के डौंडी, गुण्डरदेही और डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के कई आदिवासी बहुल ग्रामों में भी आदि सेवा पर्व आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों ने सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि सेवा पर्व के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसके तहत ट्राइबल विलेज एक्शन प्लान और ट्राइबल विलेज विजन 2030 तैयार कर प्रत्येक गाँव के लिए दीर्घकालिक विकास रोडमैप बनाया जाएगा।
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत बालोद में शुरू हुआ ‘आदि सेवा पर्व’








