Buy Advt. Space

छत्तीसगढ़ : साल भर बाद भी नहीं हो रही पुलिस भर्ती, एसआई परीक्षा का टेंडर दूसरी बार रद्द

By



रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक बार फिर बुरी खबर है। एसआई सहित 341 पदों पर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े टेंडर को पुलिस मुख्यालय ने दूसरी बार रद्द कर दिया है। इससे उम्मीदवारों को और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

दूसरी बार रद्द हुआ टेंडर

जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया से संबंधित यह टेंडर पहली बार रद्द होने के बाद 9 अप्रैल 2025 को फिर से निकाला गया था। लेकिन पांच माह बाद, सितंबर में इसे भी रद्द कर दिया गया। यह टेंडर भर्ती की शारीरिक परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) और अन्य प्रक्रिया संचालित करने के लिए जारी किया गया था। अब नए टेंडर जारी होने तक भर्ती प्रक्रिया स्थगित ही रहेगी।

साल भर से लटकी भर्ती

पुलिस मुख्यालय ने पिछले साल 341 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। 23 अगस्त से 21 सितंबर 2024 तक आवेदन मंगाए गए। तय प्रक्रिया के अनुसार, भर्ती की शुरुआत फिजिकल टेस्ट से होनी थी। लेकिन टेंडर रद्द होने से अब यह चरण भी अटक गया है।

युवाओं में बढ़ी बेचैनी

भर्ती प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कराने के लिए आवेदनकर्ताओं ने हाल ही में अधिकारियों से गुहार लगाई थी। अधिकारियों ने बारिश का हवाला देते हुए फिजिकल टेस्ट में देरी की बात कही थी। अब टेंडर रद्द होने से अभ्यर्थियों में असमंजस और बढ़ गया है।

कारण अब भी स्पष्ट नहीं

पुलिस मुख्यालय ने लगातार दूसरी बार टेंडर रद्द करने का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं रखा है। केवल ‘अपरिहार्य कारणों’ का हवाला दिया गया है। इससे युवाओं में निराशा और असंतोष का माहौल है।

Leave a Comment