कोलकाता निवासी सुरजीत (36) की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी
भिलाई। सेक्टर-7 अंडरब्रिज के पास गुरुवार सुबह एक नाले से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोलकाता निवासी सुरजीत (36) के रूप में हुई है, जो भिलाई में रहकर शेफ का काम करता था।

सिर पर गहरे चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक शव के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराई है। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कहीं और हुई और बाद में शव को नाले में फेंका गया।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखा और तुरंत डायल-112 को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवाया गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच
भिलाई नगर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या हादसे का।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








