Buy Advt. Space

58 हजार किसानों को मिली पीएम किसान सम्मान निधि राशि

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की। इसी क्रम में कोण्डागांव जिले के 58,107 किसानों के खातों में कुल 11 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर फरसगांव विकासखंड के बोरगांव में जिला स्तरीय जैविक मेला, आत्मा मेला एवं पीएम किसान उत्सव का आयोजन किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने किसानों को किया संबोधित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा एवं केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक वर्ष किसानों को 6 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। साथ ही फसल विविधीकरण अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग के दुष्परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर लौटने का आग्रह करते हुए कहा कि किसान देश का गौरव हैं और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी।

कलेक्टर ने दी योजना की जानकारी

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसानों की जानकारी साझा करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं नवाचारों के बारे में बताया। कार्यक्रम को पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने भी संबोधित किया।

किसानों को वितरित की गई विभिन्न सामग्रियां

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत कसावा प्रदर्शन हेतु स्टार्च एक्सट्रैक्शन मशीन वितरित की गई। इसके अलावा 10 किसानों को जैविक खाद, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से साहीवाल गाय, 4 हितग्राहियों को ज्वार चारा फसल मिनीकीट तथा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बोरगांव द्वारा 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए।

विभिन्न विभागों की लगी प्रदर्शनी

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवाइयों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई। वहीं पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं जनपद पंचायत बोरगांव का आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री दीपेन्द्र नाग, श्री चंदन साहू, श्री प्रवीर बदेशा, श्री तरुण साना, श्री अंजोरी नेताम, सरपंच श्रीमती चन्द्रकला, एसडीएम श्री अश्वन कुमार पुसाम, उप संचालक कृषि श्री कैलाश मरकाम, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सुरेश मरकाम, डॉ. हितेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment