पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में प्रयोग समाज सेवी संस्था तिल्दा नेवरा एवं महिला भूमि अधिकार एवं आजीविका परियोजना के नेतृत्व में एक दिवसीय जन संवाद सभा एवं विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय वनवासी नागरिक, समाजसेवी और संगठन प्रतिनिधि शामिल हुए।
रैली का उद्देश्य वन अधिकार अधिनियम के तहत लंबित व्यक्तिगत दावा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और आदिवासी समुदायों को उनके अधिकारों का न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करना था। रैली गांधी मैदान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मैदान में समाप्त हुई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें वनाधिकार, भूमि अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह रैली क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ज्ञापन में मांग की गई कि वन अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका हक मिलना चाहिए ताकि उनकी आजीविका और जीवन स्तर में सुधार हो सके।
इस अवसर पर समाजसेवी सीताराम सोनवानी, अरुण कोसरिया, निर्मला कुजूर, नूरानी जैन, राजेंद्र सिंह राजपूत, ईश्वर पटेल, ढेलऊ राम साहू, रेवती यादव, जानकी जगत, हिरौंदी नेताम, सुनिता कुर्रे, ढिलेश नेताम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गरियाबंद में वनाधिकार रैली, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया








