ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । राज्य शासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और मांगों के समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत सोमवार को कोण्डागांव नगर पालिका क्षेत्र के चौपाटी मैदान स्थित विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहते हैं, जिससे आम लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
उन्होंने श्रम पंजीयन योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से बच्चों की शिक्षा, बेटियों के विवाह एवं जन्म पर सहायता राशि प्रदान की जाती है। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।
सूर्य घर योजना से शून्य बिजली बिल का लाभ
विधायक ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘जीरो बिजली बिल’ संकल्प का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने से उपभोक्ताओं को न केवल बिजली बिल में राहत मिलती है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आय भी प्राप्त हो सकती है।
उन्होंने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जनसंवाद और समाधान का माध्यम बना शिविर
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार संवाद और समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। वहीं उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी ने इसे आमजनों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और समस्याओं के निराकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने स्वागत भाषण में सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान और जनगणना से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देते हुए नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र और सामग्री
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत तीन हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। साथ ही निर्धारित अवधि से 18 माह पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने पर प्रत्येक हितग्राही को 32 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
इसके अलावा राजस्व विभाग द्वारा दो डिजिटल किसान किताब, पांच बी-1 खसरा और सात जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सात आयुष्मान कार्ड, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो महिलाओं की गोदभराई, शिक्षा विभाग द्वारा 18 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा 10 पौधों का वितरण किया गया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान भी किया गया।








