बालोद से अंकित टाटिया की रिपोर्ट
बालोद, 24 सितम्बर 2025।
जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कांदुल में अवैध रूप से संचालित क्लिनिक को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा ने बताया कि आरोपी डॉक्टर रेखराम साहू का डिग्री छत्तीसगढ़ में पंजीकृत नहीं है। इसके बावजूद वे क्लिनिक संचालित कर रहे थे। वहीं, लापरवाहीपूर्ण इलाज के कारण एक मरीज की मृत्यु हो गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा, तहसीलदार अर्जुंदा चंद्रशेखर चंद्राकर सहित स्वास्थ्य, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी–कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









