समरसता अभियान, हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले समरसता संकल्प अभियान, हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय अटल सदन, कोण्डागांव में संयुक्त जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान
कार्यशाला के बाद आयोजित प्रेस वार्ता को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी तथा कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने संबोधित किया।
विधायक लता उसेंडी ने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाएगी। यह अभियान 29 जुलाई को वाराणसी स्थित संत रविदास जी की जन्मभूमि से प्रारंभ होकर विभिन्न चरणों में 15 जनवरी तक संचालित किया जाएगा।
जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी पहुंचेगी विभिन्न क्षेत्रों तक
लता उसेंडी ने बताया कि अभियान के तहत संत रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी कलश में लेकर देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी। जिले में भी मंदिरों से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जहां दीप प्रज्वलन, संत रविदास जी की वाणी एवं पदों का वाचन तथा धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, समरसता और कुरीतियों से ऊपर उठकर एकजुट रहने का संदेश दिया था।
मंडल से बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम
अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने कहा कि कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों एवं समाज के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
हर घर तिरंगा और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी रहेगा फोकस
विक्रम उसेंडी ने बताया कि समरसता अभियान के साथ आगामी दिनों में हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती, गांधी जयंती सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक नेताम, जिला प्रभारी वेंकट राव, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, नरपति पटेल, जसकेतु उसेंडी, बिहारीलाल शोरी, संगीता पोयाम, जितेंद्र सुराना, आकाश मेहता, विजय पोया, अनिल अग्रवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








