Buy Advt. Space

लीगल एड क्लीनिक बना ग्रामीणों का सहारा, कानून के साथ दस्तावेजी समस्याओं पर भी मिला मार्गदर्शन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, ग्रामीणों को उनके अधिकारों और शासकीय सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी विधिक एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत तोतर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत आयोजित हुआ शिविर

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार 60 दिवसीय मेगा ड्राइव नालसा योजना 2026 के तहत यह शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन में हुआ।

ग्रामीणों ने बताईं कानूनी और दस्तावेजी परेशानियां

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री गायत्री साय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विभिन्न कानूनी मामलों के साथ-साथ आधार कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेज, आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियां भी साझा कीं।

सचिव ने समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए ग्रामीणों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया और संबंधित मामलों में उपलब्ध सहायता तथा समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी।

जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ छूट जाता है

सुश्री गायत्री साय ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में ग्रामीण शासन की योजनाओं और अपने कानूनी अधिकारों का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे में लीगल एड क्लीनिक ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम है, जहां उन्हें निःशुल्क विधिक सलाह के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।

निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी

शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह और विभिन्न विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लीगल एड क्लीनिक से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

गांव स्तर पर इस तरह की पहल से ग्रामीणों के लिए न्याय, अधिकार और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की राह आसान होने की उम्मीद है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री रामकुमार कुंजाम, प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेंद्र भट्ट, पुलिस विभाग, ग्राम पंचायत तोतर की सरपंच श्रीमती संतोषी सोरी, सचिव सुनीता मरापी, अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध, लोकेश कुमार यादव, संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment