सूरजपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नामांतरण के बदले मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहटा निवासी प्रार्थी रूप सिंह ने ACB अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित उनकी और उनकी बहन की भूमि को महामाया कोयला खदान जरही द्वारा अधिग्रहित किया गया है।
इस भूमि के नामांतरण और नौकरी के लिए पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
ट्रैप कर रंगे हाथों पकड़ा
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने ACB से कार्रवाई की मांग की। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद 22 अप्रैल 2026 को ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी पटवारी को 25,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
आगे की कार्रवाई जारी
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ACB मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।





