खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थान पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाकर शिक्षिका और दो स्कूली बच्चियों को टक्कर मारने वाले आरोपी वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण शिक्षिका की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही थीं शिक्षिका और बच्चियां
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे की है। ठेलकाडीह स्कूल में छुट्टी होने के बाद दो छात्राएं दुगेश्वरी विश्वकर्मा और देवकी विश्वकर्मा अपनी शिक्षिका श्रीमती किरण तिवारी, निवासी राजनांदगांव, के साथ बस का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान डुमरीडीहकला की ओर से आ रही इको वैन क्रमांक CG 07 CJ 3862 के चालक ने कथित तौर पर शराब के नशे में अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाते हुए शिक्षिका और दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी।
शिक्षिका की मौत, दोनों बच्चियां गंभीर घायल
हादसे में आई गंभीर चोटों के कारण शिक्षिका किरण तिवारी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल इको वैन CG 07 CJ 3862 को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव (30 वर्ष) को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
आरोपी डोमेश्वर उर्फ दादू यादव, पिता नंदकुमार यादव, वार्ड नंबर 03, मठपारा गया नगर, थाना कोतवाली, जिला दुर्ग का निवासी है।
BNS की धाराओं में कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 110 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।








