नाम सुधार की प्रक्रिया हुई आसान, राजपत्र अधिसूचना के जरिए ‘तरुण’ से हुआ ‘तरुणा’
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सरल, सुगम और उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से कोण्डागांव जिले के ग्राम पंचायत चिपावंड की कुमारी तरुणा ने अपने नाम में सुधार की प्रक्रिया कम समय में पूरी कराई।
सेवा सेतु पोर्टल से किया ऑनलाइन आवेदन
कुमारी तरुणा ने बताया कि उनके आधार कार्ड में पहले उनका नाम ‘तरुण कोर्राम’ दर्ज था। नाम में सुधार के लिए उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से भारत के राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशन के लिए आवेदन किया।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजपत्र अधिसूचना में उनका नया नाम ‘तरुणा’ दर्ज हो गया। अब इसी आधार पर आधार कार्ड में नाम सुधार कराने की प्रक्रिया भी उनके लिए आसान हो गई है।
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से मिली सहायता
यह पूरी प्रक्रिया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, मुलमुला के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन कर पूरी की गई। डिजिटल माध्यम से प्रक्रिया पूरी होने के कारण कुमारी तरुणा को आवश्यक शासकीय कार्य के लिए दूर जाने और अनावश्यक भागदौड़ करने से राहत मिली।
घर के नजदीक मिल रही डिजिटल शासकीय सेवाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासकीय सेवाओं का लाभ आम नागरिकों को सरलता से और उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
तरुणा ने जताया शासन के प्रति आभार
नाम सुधार की प्रक्रिया सरलता से पूरी होने पर कुमारी तरुणा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए शासकीय सेवाएं नागरिकों के लिए अधिक सरल और सुलभ हो गई हैं।








