ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनोरा के बाजार पारा पहुंचकर कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और कल्याण की कामना की।
84 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं पेन खण्डा मुदिया
पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मान्यताओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसे कोनगुड़ परगना के मुख्य पेन के रूप में पूजा जाता है। इस परगना के अंतर्गत कुल 84 गांव आते हैं, जिनके ग्रामीण पेन खण्डा मुदिया को अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं।
आदिवासी समाज में पेन खण्डा मुदिया के प्रति गहरी श्रद्धा और विश्वास है। मरई परिवार खण्डा मुदिया के सेवक हैं तथा अंचल के सभी बारा बानी बिरादरी के सदस्य उनकी सेवा-अर्जी में श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होते हैं।
18 जिलों के राजा के रूप में भी है विशेष मान्यता
स्थानीय पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार पेन खण्डा मुदिया को 18 जिलों के राजा के रूप में भी सम्मान दिया जाता है। आदिवासी समाज की धार्मिक व्यवस्था में उनका विशिष्ट स्थान है। 84 गांवों की आस्था से जुड़े पेन खण्डा मुदिया की परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही है। यह आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
पारंपरिक साफा बांधकर मुख्यमंत्री का किया सम्मान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अभिनंदन करते हुए सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की
पेन खण्डा मुदिया के दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखमय जीवन, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जागा बूढ़ा पुजारी श्री सुरजू राम मंडावी, पेन खण्डा मुदिया पुजारी श्री अजय मंडावी, गायता पुजारी श्री राम सिंह मंडावी, गढ़ पुजारी श्री बंशी मंडावी, सिरहा श्री रयनु मंडावी, भूमिक श्री रत्तू मंडावी सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के सदस्य मौजूद रहे।








