ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों के साथ बैठक की।
ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों, ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और अभियान में समाज एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अभियान की तैयारियों की जानकारी लेते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में समाज प्रमुखों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
विधायक और वन विभाग के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े
बैठक में कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी एवं केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इसके अलावा कोण्डागांव एवं केशकाल वनमंडल के डीएफओ ने भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सहभागिता की।
जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान को केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित न रखते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना और इसमें समाज एवं समुदाय की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान अभियान की तैयारियों और आगामी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझावों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।








