Buy Advt. Space

सेवा संकल्प अभियान के तहत केशकाल के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता

By

दूरस्थ ग्रामीण स्कूलों में पहुंची अभियान की गतिविधियां

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के मार्गदर्शन में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड केशकाल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अभियान के तहत अतिदूरस्थ ग्रामीण अंचलों में स्थित विद्यालयों का सघन आकस्मिक निरीक्षण कर गतिविधियों का जायजा लिया गया।

इन विद्यालयों का किया गया निरीक्षण

निरीक्षण दल ने प्राथमिक शाला रांधा, प्राथमिक/माध्यमिक शाला होनहेड, प्राथमिक शाला सेंदूरमटा, प्राथमिक/माध्यमिक शाला उमरादाह, प्राथमिक/माध्यमिक शाला मातेंगा सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल का संयुक्त दौरा किया। इस दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का अवलोकन किया गया।

स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण की कल्पना को रंगों में उकेरा

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ भारत’, ‘मेरे सपनों का भारत’ सहित अन्य स्वरुचि आधारित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, देशप्रेम तथा विकसित एवं सुंदर भारत की कल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

निरीक्षण दल ने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं कल्पनाशील सोच की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

सभी विद्यालयों में सफलतापूर्वक हुआ आयोजन

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विकासखंड केशकाल के प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

निरीक्षण कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्री इमेल बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री के.एस. पोया तथा सह-संकुल समन्वयक श्री राजेश उइके एवं श्री बाबूलाल नाग की सहभागिता रही।

‘सेवा संकल्प अभियान’ विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, स्वच्छता चेतना, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सार्थक प्रयास है। अतिदूरस्थ ग्रामीण विद्यालयों तक अभियान की गतिविधियों का प्रभावी रूप से पहुंचना विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके सर्वांगीण एवं सामाजिक विकास को प्राथमिकता दिए जाने को दर्शाता है।

Leave a Comment