Buy Advt. Space

पुंगारपाल क्षेत्र में माओवादी डम्प सामग्री बरामद, पाइप बम समेत विस्फोटक जब्त

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान एक और सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्च और डी-माइनिंग अभियान चलाकर माओवादी डम्प सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम वजनी पाइप बम, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 18 पेंसिल बैटरी, कुकर और 1.7 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री शामिल है।

आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर अभियान

पुलिस के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा एवं कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में जिले में माओवादियों द्वारा डम्प किए गए हथियार, आईईडी एवं अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम तुमड़ीवाल, बोंडकापानी, डोंगरीपारा, जुनापानी और आलवाड़ सहित आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में रवाना हुई।

आलवाड़ के जंगल में मिला डम्प

अभियान के दौरान ग्राम आलवाड़ के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा के साथ कॉर्डन सर्च एवं डी-माइनिंग की कार्रवाई की गई। इसी दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों द्वारा डम्प की गई विस्फोटक एवं अन्य सामग्री मिली, जिसे बरामद कर लिया गया।

पाइप बम और विस्फोटक सामग्री जब्त

पुलिस के मुताबिक बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम का एक पाइप बम, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 18 पेंसिल बैटरी सेल, 7 लीटर का एक कुकर तथा 1.7 किलोग्राम बारूद/विस्फोटक सामग्री शामिल है।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चल रहा अभियान

पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मर्दापाल नरेन्द्र पुजारी और उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स नोडल) सिद्धार्थ बघेल के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान और डम्प सामग्री की तलाश लगातार जारी है।

Leave a Comment