ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” एवं विद्युत विभाग के अभिसरण से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बुधवार को जिला पंचायत कोण्डागांव के सभा कक्ष में सोलर सखियों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई की अध्यक्षता में तथा जिला मिशन प्रबंधक श्री विनय सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई।
कार्यशाला का उद्देश्य सोलर सखियों को सौर ऊर्जा एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उन्हें सक्षम बनाना था।
सौर ऊर्जा की दी विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता श्री विजेंद्र शार्दूल ने सोलर सखियों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सौर ऊर्जा की उपयोगिता, सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, स्थापना प्रक्रिया तथा योजना से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
वेंडरों के साथ आजीविका बढ़ाने की पहल
कार्यशाला में जिले के सोलर वेंडरों ने सोलर सखियों को उनके साथ कार्य करने और केस तैयार करने की कार्ययोजना से अवगत कराया। बताया गया कि सोलर सखियां वेंडरों के साथ समन्वय कर ग्रामीण परिवारों को योजना से जोड़ने के साथ अपनी आजीविका के नए अवसर भी प्राप्त कर सकेंगी।
ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेगी योजना की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान सोलर सखियों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। उन्हें पात्र हितग्राहियों की पहचान, योजना का प्रचार-प्रसार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के माध्यम से गांव-गांव तक योजना की जानकारी पहुंचाने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
बिहान एवं विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कार्यशाला से सोलर सखियों को आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।








