Buy Advt. Space

कोण्डागांव में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्राचार्यों को दिया गया प्रशिक्षण

By

17 वर्षीय विद्यार्थियों के भरवाए जाएंगे फॉर्म-6, 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और मतदाता सूची में नए एवं पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कोण्डागांव के सभाकक्ष में बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री अश्वन कुमार पुसाम के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में विकासखंड कोण्डागांव के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के गठन तथा ईसीआईनेट ऐप के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यालयों में गठित होंगे मतदाता साक्षरता क्लब

जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अजीत जोसफ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) का गठन किया जाना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी विभिन्न माध्यमों से दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 17 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि निर्धारित अर्हता तिथि पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। इससे युवाओं को समय पर मतदाता के रूप में पंजीकृत करने में मदद मिलेगी।

31 अक्टूबर तक घर-घर जाकर होगा मतदाता सत्यापन

बैठक में बीएलओ को बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ और जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्देशानुसार 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। साथ ही, ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। नए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

ईएलसी के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों में लगेंगे शिविर

विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ को अपने मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में ईएलसी के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को निर्धारित शैक्षणिक संस्थानों में युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

विलोपित नामों का होगा पुनर्सत्यापन

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से विलोपित प्रविष्टियों का भी सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। बीएलओ अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों की सूची के आधार पर घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन करेंगे।

इसके अतिरिक्त, विशेष अभियान के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता सूची के अद्यतनीकरण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री अश्वन कुमार पुसाम, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, तहसीलदार कोण्डागांव श्री मनोज कुमार रावटे, तहसीलदार मर्दापाल श्री विजय प्रताप, नायब तहसीलदार श्री नरेन्द्र सिंह, श्री जयप्रकाश देवांगन तथा मास्टर ट्रेनर श्री हिमांशु सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment