Buy Advt. Space

सेवा सेतु शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

By

शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सेवा सेतु शिविर के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

पात्र हितग्राहियों को मिले योजनाओं का लाभ

कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का सुलभ लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित आवेदनों का समयबद्ध निराकरण

बैठक में सीएम हेल्पलाइन और जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर संतोषजनक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बाढ़-अतिवृष्टि से नुकसान का आकलन

कलेक्टर ने हाल ही में हुई बाढ़ एवं अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को जनहानि, पशुहानि, शासकीय संपत्ति, फसल सहित अन्य क्षति का विस्तृत आकलन कर आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी के निर्देश

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सर्वे कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

आवास निर्माण कार्यों में तेजी

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास निर्माण की विभिन्न किश्तों और योजनागत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।

विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा

कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन विद्युत सबस्टेशनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी किसान मेला के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा

बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे अपार आईडी निर्माण, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही बस्तर मुन्ने पोर्टल पर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की प्रविष्टि की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, विभागीय लक्ष्यों की प्रगति सुनिश्चित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment