विधायक लता उसेंडी और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम हुए शामिल
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कोंडागांव द्वारा जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी तथा केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम शामिल हुए। दोनों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर संवाद किया और उनके सेवा भाव के लिए उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान के लिए नागरिकों से की अपील
विधायक लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम ने जिलेवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है और किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
पांच नई एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पांच नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक लता उसेंडी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पांच नई एंबुलेंस का शुभारंभ जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ये एंबुलेंस जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होंगी।
सेवा और समर्पण के 25 वर्षों का किया उल्लेख
विधायक लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और समर्पण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के विकास और देश के समग्र विकास के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर को माओवाद से मुक्त करने की दिशा में भी सफलता मिली है। इस कार्य में सुरक्षा बलों, पुलिस विभाग और आम नागरिकों के योगदान को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
एक माह तक होंगी विभिन्न सेवा गतिविधियां
विधायक ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविर से की गई है। उन्होंने नागरिकों से सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा के चेयरपर्सन मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, कुलवंत चहल, ओमप्रकाश टावरी, गोपाल दीक्षित, जैनेंद्र ठाकुर, नंदलाल राठौर, सोनामणि पोयाम, नागेश देवांगन सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।








