महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों ने बांधा समां
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागांव में भव्य सावन तीज मिलन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम तथा कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
सावन की खुशियों और लोक संस्कृति का दिखा रंग
सावन तीज की पारंपरिक खुशियों और लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में महिलाओं एवं युवतियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में आनंद मेला, फैशन शो, नृत्य, गीत-संगीत, भजन और झूला सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं।
प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पूरे आयोजन को आकर्षक और यादगार बना दिया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सरकार कर रही निरंतर प्रयास : लता उसेंडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि सावन तीज मिलन महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवार की तरह है, जहां सभी बहनें एक साथ बैठकर खुशियां साझा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए नल-जल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। अमृत मिशन के माध्यम से नगर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। यातायात को सुगम बनाने के लिए बाईपास का निर्माण किया गया है तथा बाजार को व्यवस्थित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
ट्राइबल म्यूजियम के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत
विधायक लता उसेंडी ने बताया कि कोंडागांव में ट्राइबल म्यूजियम के लिए चार करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इससे पर्यटकों को बस्तर की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। वहीं लखपति दीदी पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे आयोजनों से महिलाओं को मिलता है एकजुट होने का अवसर : नरपति पटेल
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि वर्ष में कम से कम एक बार इस तरह के आयोजन होने चाहिए, ताकि माताएं और बहनें एक स्थान पर एकत्र होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा मिले। उन्होंने सावन तीज मिलन महोत्सव के आयोजन की सराहना की।
नई सोच और नई आशा के साथ आगे बढ़ें महिलाएं : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सावन तीज मिलन समारोह में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने महिलाओं से नई सोच और नई आशा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं के हितों की रक्षा और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।
आनंद मेले और रंगारंग कार्यक्रमों ने बढ़ाई रौनक
महोत्सव के दौरान आनंद मेले में विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मनोरंजन गतिविधियां और आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लकी ड्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
महिलाओं, युवतियों, स्थानीय नागरिकों एवं विद्यालय की छात्राओं ने झूले और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। रस्साकस्सी में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया, वहीं कुर्सी दौड़ ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पार्षद सुश्री सोनामणि पोयाम एवं श्रीमती शिवानी उसेंडी, श्रीमती संतोषी देवांगन, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा रामचंद्र कश्यप, श्री भगवती नेताम, श्रीमती रामदई नाग, श्रीमती ईना श्रीवास्तव, जनपद सदस्य माकड़ी श्रीमती गायत्री नेताम, श्रीमती लक्ष्मी पोयाम, श्रीमती रेशमा दीवान, श्रीमती सूरजबती नेताम, एल्डरमैन श्रीमती सुरेखा साहू, पार्षद श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती सुषमा खोपागड़े, श्रीमती सती बघेल, श्रीमती संतोषी यादव, श्रीमती ननकी वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवतियां एवं विद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं।
लोक परंपरा और महिला सहभागिता को मिला मंच
सावन तीज मिलन महोत्सव ने कोंडागांव में पारंपरिक संस्कृति, महिला सहभागिता और सामाजिक मेल-जोल की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। आयोजन में शामिल महिलाओं एवं युवतियों ने ऐसे कार्यक्रमों को लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।








