Buy Advt. Space

विश्व खेल दिवस पर कोण्डागांव पुलिस ने चलाया साइबर जागृति अभियान

By

खेल मैदान से डिजिटल दुनिया तक—खिलाड़ियों एवं युवाओं को दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विश्व खेल दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेलप्रेमियों के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

खेल की तरह डिजिटल दुनिया में भी जरूरी है सतर्कता

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को बताया कि जिस प्रकार खेल के मैदान में सफलता के लिए अनुशासन, सतर्कता, धैर्य और सही समय पर सही निर्णय लेना जरूरी होता है, उसी प्रकार डिजिटल दुनिया में साइबर अपराधों से बचने के लिए भी जागरूकता और सावधानी आवश्यक है।

साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की दी जानकारी

पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, OTP फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल तथा ऑनलाइन गेम और आकर्षक ऑफर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में युवाओं को जानकारी दी।

पुलिस ने विशेष रूप से समझाया कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने अथवा अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

खिलाड़ियों ने भी दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने साइबर जागरूकता अभियान में सहभागिता करते हुए आम नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं मित्रों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।

खिलाड़ियों ने संदेश दिया कि, “जिस तरह खेल में जीत के लिए सतर्कता और अनुशासन जरूरी है, उसी तरह ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूकता और सावधानी जरूरी है।”

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं युवाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें और घटना की जानकारी नजदीकी पुलिस थाने को भी दें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

जिलेभर में पहुंचाया जा रहा साइबर सुरक्षा का संदेश

कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, खिलाड़ियों, ग्रामीणों, बैंक कर्मचारियों एवं आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिलेवासियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।

कोण्डागांव पुलिस की अपील

“खेल में अनुशासन अपनाएं, डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतें। साइबर जागरूक बनें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित बनाएं।”

कोण्डागांव पुलिस — छत्तीसगढ़ पुलिस, साइबर जागृति अभियान

Leave a Comment