उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय, कोण्डागांव में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) ने की। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
लंबित अपराध और शिकायतों के निराकरण की हुई समीक्षा
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराध प्रकरणों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति और विभिन्न पुलिस शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। गंभीर एवं लंबित अपराधों की विवेचना शीघ्र पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रकरणों में समय पर न्यायिक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
फरार आरोपियों और वारंटों की तामिली पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली तथा आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके साथ ही नियमित रात्रि गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश
बैठक में सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने तथा अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
“कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती स्निग्धा सिंह, निरीक्षक श्री आलोक साहू एवं प्रधान आरक्षक श्री पन्नालाल देहारी को प्रदान किया गया।
वहीं “एम्पलाई ऑफ द मंथ” सम्मान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रधान आरक्षक लुमन सिंह भण्डारी, आरक्षक श्री बालचन्द नेताम एवं आरक्षक बीजू यादव को प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसी प्रकार समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।








