प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पूरा हुआ पक्के घर का सपना
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद और आवासहीन परिवारों के लिए सुरक्षित एवं पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से जिले के अनेक परिवारों को पक्की छत के साथ सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का आधार मिला है। ग्राम पंचायत बटराली, जनपद पंचायत केशकाल निवासी विष्णु राम की कहानी भी इसी बदलाव की प्रेरणादायी मिसाल है।
आर्थिक कठिनाइयों के बीच बच्चों की जिम्मेदारी उठाई
विष्णु राम कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक परिस्थितियां पहले से ही चुनौतीपूर्ण थीं। इसी बीच बीमारी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो गया। पत्नी के निधन के बाद बच्चों की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई।
ऐसे कठिन समय में कच्चे मकान में बच्चों के साथ रहना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। बारिश के दिनों में घर की स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने जगाई नई उम्मीद
विष्णु राम के जीवन में बदलाव तब आया, जब वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ। पक्का घर मिलने की उम्मीद ने उनके परिवार में नई आशा जगाई।
शासन से मिली सहायता और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने महज चार माह में पक्के आवास का निर्माण पूरा कर लिया। आवास निर्माण के दौरान उन्हें नरेगा के तहत 90 मानव दिवस की मजदूरी का भुगतान भी मिला। इससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्राप्त हुआ।
पक्के घर के साथ मिली कई सुविधाएं
आज विष्णु राम और उनका परिवार अपने पक्के, सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ उन्हें शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिला है।
उनके घर में जल जीवन मिशन के तहत नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सुरक्षित छत से बच्चों के भविष्य को मिला सहारा
विष्णु राम बताते हैं कि पहले कच्चे मकान में बारिश के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर की स्थिति को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। अब पक्का मकान बनने से उनके बच्चों के सिर पर सुरक्षित छत है और परिवार को हर मौसम में सुरक्षा का भरोसा मिला है।
बोले विष्णु राम—पक्का घर बनने का सपना हुआ पूरा
विष्णु राम ने कहा, “पहले कच्चे घर में बारिश के दिनों में बहुत परेशानी होती थी। आज मेरे बच्चों के सिर पर पक्की छत है। प्रधानमंत्री आवास योजना से मेरा अपना पक्का घर बनने का सपना पूरा हुआ। मैं शासन-प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से विष्णु राम के परिवार को मिली यह सुविधा सेवा संकल्प अभियान के तहत बदलाव और जनकल्याण की एक प्रेरणादायी कहानी बनकर सामने आई है।








