सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं ग्रेच्युटी भुगतान आदेश प्रदान
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में माह अगस्त में सेवानिवृत्त हुए 09 शासकीय कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) एवं ग्रेच्युटी भुगतान आदेश (जीपीओ) की प्रतियां प्रदान की गईं।
सीईओ ने दी सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं
सम्मान कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पीपीओ एवं जीपीओ सौंपते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल और उनके द्वारा शासकीय कार्यों में दिए गए योगदान की सराहना भी की गई।
जिला कोषालय ने किया पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण
जिला कोषालय द्वारा पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हुए सेवानिवृत्ति के दिन ही संबंधित कर्मचारियों के पेंशन प्राधिकार आदेश जारी किए गए। इस व्यवस्था से कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन एवं अन्य आवश्यक वित्तीय लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिली।
विभिन्न विभागों के कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त
सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों में स्वास्थ्य विभाग के एनएमएस श्री द्वारिका प्रसाद साहू, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान पाठक श्री माखन राम कोमरा, श्री देवलाल ठाकुर, श्री रामलाल मरकाम, श्री रूप बसंत गौर, श्री देवीसिंह मरकाम, श्री गणेश प्रसाद सोम एवं श्रीमती अनिता एक्का शामिल हैं।
इसके अलावा आदिमजाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के लेखापाल श्री असीम कुमार विश्वास भी सेवानिवृत्त हुए।
शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला कोषालय अधिकारी श्री रजनीश पटेल, श्री निर्मल शार्दुल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








