ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर कोंडागांव में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर करीब 12 दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मस्जिदों और शहर के विभिन्न हिस्सों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरे नगर में उत्सवी माहौल नजर आया।
बच्चों ने नात और सवाल-जवाब प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नात शरीफ और सवाल-जवाब प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जामा मस्जिद से निकला भव्य जुलूस
पर्व के मुख्य अवसर पर कोंडागांव में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत जामा मस्जिद से हुई। इसके बाद जुलूस मेन रोड, मरारपारा, जामकोटपारा, बाजारपारा, कोर्ट चौक, नहरपारा और सर्गीपालपारा होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
परचम कुशाई के बाद देश में अमन-शांति की दुआ
जुलूस के जामा मस्जिद पहुंचने के बाद परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात जामा मस्जिद के मुख्य इमाम शमीम रजा ने देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। इस दौरान लोगों ने देश और समाज की तरक्की एवं खुशहाली की कामना की।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट बच्चों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में नात शरीफ और सवाल-जवाब प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
प्रशासन और पुलिस का जताया आभार
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सय्यद शफीक और सेक्रेटरी आदिल खान ने नगरवासियों एवं समाज के लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। उन्होंने पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
कार्यक्रम में समाज के बुजुर्गों सहित अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और अमन-शांति का संदेश देखने को मिला। पर्व शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








