Buy Advt. Space

कठिन समय में संगीता को योजनाओं से मिला आर्थिक सहारा

By

प्रधानमंत्री मातृ वंदना और महतारी वंदन योजना से मिली मदद, बच्चों के भविष्य के लिए कर रहीं बचत

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, राज्य शासन एवं केंद्र शासन द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद महिलाओं के लिए सहारा बन रही हैं। कोण्डागांव जिले के तहसीलपारा की दिव्यांग श्रीमती संगीता पोयाम भी इन योजनाओं का लाभ लेकर कठिन परिस्थितियों से उबरते हुए अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

गर्भावस्था में बढ़ी आर्थिक परेशानी

संगीता घरेलू कामकाज कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। दूसरी संतान के रूप में बेटी के जन्म से पहले गर्भावस्था के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गर्भावस्था के कारण वे पहले की तरह काम नहीं कर पा रही थीं, जिसके चलते उन्हें जिस घर में काम करती थीं, वहां से भी काम छोड़ना पड़ा।

आंगनबाड़ी से मिली योजनाओं की जानकारी

कठिन समय में संगीता ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से शासन की योजनाओं की जानकारी ली। कार्यकर्ता ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में बताया और उनका पंजीयन कराया। योजना के तहत उन्हें 6 हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई।

बच्चों की जरूरतों में मिली आर्थिक मदद

संगीता ने बताया कि प्राप्त सहायता राशि से उन्होंने बच्चों के लिए आवश्यक सामान और दवाइयों की व्यवस्था की। साथ ही प्रसव के बाद अपने स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी इस राशि का उपयोग किया। आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें कठिन परिस्थितियों में काफी राहत मिली।

महतारी वंदन योजना से भविष्य के लिए बचत

इसके बाद संगीता को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिलने लगा। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बचत के रूप में कर रही हैं। उनका कहना है कि दोनों योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने मुश्किल समय में उनके परिवार को सहारा दिया और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए बचत करने का अवसर प्रदान किया।

योजनाओं से मिला आत्मनिर्भरता का संबल

संगीता की कहानी बताती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका समय पर लाभ जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन सकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से मिली जानकारी से संगीता योजनाओं से जुड़ीं और उन्हें प्राप्त सहायता का उपयोग अपने परिवार की आवश्यकताओं तथा बच्चों के भविष्य के लिए कर रही हैं।

Leave a Comment