Buy Advt. Space

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव राज्य स्तर पर सम्मानित

By

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन का मिला सम्मान

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के नेतृत्व में जिला अस्पताल कोण्डागांव ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रेमलाल मंडावी के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल द्वारा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है।

रायपुर में आयोजित आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव को सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया तथा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री संजीव कुमार झा द्वारा प्रदान किया गया।

नेक्स्टजेन सॉफ्टवेयर के तहत संचालित हो रहे छह मॉड्यूल

वर्तमान में जिला अस्पताल कोण्डागांव में मरीजों को बेहतर और सुगम डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अंतर्गत नेक्स्टजेन सॉफ्टवेयर के छह मॉड्यूल संचालित किए जा रहे हैं।

इन मॉड्यूल्स के माध्यम से ओपीडी पंजीयन, ओपीडी क्लिनिक, फार्मेसी, आईपीडी, लैब एवं रेडियोलॉजी विभाग की सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से मरीजों को आवश्यक रिपोर्ट एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राज्य स्तरीय समीक्षा में जिला अस्पताल का प्रदर्शन रहा बेहतरीन

प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत इन सुविधाओं की शुरुआत की गई है। विभिन्न मॉड्यूल्स की क्रियाशीलता और प्रदर्शन की राज्य स्तरीय समीक्षा में जिला अस्पताल कोण्डागांव का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया, जिसके आधार पर अस्पताल को यह सम्मान प्रदान किया गया।

कलेक्टर की दूरदर्शी पहल से मिली डिजिटल सेवाओं को मजबूती

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के प्रयासों और दूरदर्शी सोच के कारण जिला अस्पताल में डिजिटल सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन लगभग एक वर्ष पूर्व ही उपलब्ध कराए गए थे।

इसके परिणामस्वरूप अस्पताल में मरीजों के लिए डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता और उनकी सतत क्रियाशीलता सुनिश्चित हो सकी है। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

ग्रामीण क्षेत्र की चुनौतियों के बीच बड़ी उपलब्धि

कोंडागांव जैसे क्षेत्र में अस्पताल आने वाले अनेक ग्रामीण मरीजों के पास मोबाइल फोन की उपलब्धता सीमित रहती है और कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी बनी रहती है। इन चुनौतियों के बावजूद मरीजों तक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं सफलतापूर्वक पहुंचाना जिला अस्पताल की एक बड़ी उपलब्धि है।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिला अस्पताल कोण्डागांव का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गौरव का विषय है और भविष्य में डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Comment