सांसद भोजराज नाग ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी लेकर शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन
मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।
सांसद श्री नाग ने परेड में शामिल सभी कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह के दौरान शांति, उल्लास और स्वतंत्रता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।
शहीद जवानों के परिजनों का किया सम्मान
मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने शहीद परिवारों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान और त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
जवानों और विद्यार्थियों ने दिखाया अनुशासन
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री मुकेश जोशी एवं परेड टू आईसी निरीक्षक श्री रितेश मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, बस्तर फाइटर पुरुष एवं महिला, नगर सेना के साथ एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हिरासिंह मरकाम, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं समारोह में मौजूद रहे।
देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने बस्तर की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति के साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं और नृत्यों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद दर्शकों में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।








