ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव/फरसगांव, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फरसगांव पुलिस द्वारा 16 सितंबर को जनपद स्कूल मैदान में साइबर जागरूकता थीम पर ‘ओपन माइक’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नृत्य, गायन और नाटक के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में जिला पुलिस बल कोण्डागांव के कलाकार जवानों के साथ फरसगांव क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नाटक, कविता, भाषण और वाद्य-यंत्र प्रस्तुति सहित विभिन्न विधाओं के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश दिया।
एकलव्य विद्यालय चिचाड़ी एवं कोरगांव, कन्या हाई स्कूल फरसगांव, सरस्वती शिशु मंदिर फरसगांव सहित स्थानीय मंचों के कलाकारों और विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को साइबर अपराधों से सावधान रहने का संदेश दिया।
लालच, डर और लापरवाही से बचने की दी समझाइश
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि इनाम जीतने, लॉटरी, बिना ब्याज के लोन, नौकरी लगाने और ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने के नाम पर ठगी की जा सकती है।
इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, म्यूल सिम और बैंक अकाउंट से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
OTP और अज्ञात लिंक को लेकर किया सावधान
पुलिस ने लोगों से कहा कि वे किसी के साथ OTP साझा न करें, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें। अनजान वीडियो कॉल को रिसीव करने से भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा किसी भी साइबर संबंधी समस्या या शंका के लिए नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की जानकारी दी गई।
सेल्फी और शपथ के जरिए बढ़ाई जागरूकता
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों और दर्शकों ने QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ और ‘मैं साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ के नारे लगाते हुए साइबर अपराध से बचाव और जागरूकता की शपथ भी ली। साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से भी लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय, एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम, डीएसपी मुख्यालय स्निग्धा सलामे, थाना प्रभारी फरसगांव निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास, थाना प्रभारी बड़े डोंगर निरीक्षक राजकुमार सोरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी फरसगांव निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में किया गया।
हजारों लोगों ने पहुंचकर बढ़ाया उत्साह
साइबर जागरूकता के इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम देखने के लिए फरसगांव और आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग पहुंचे। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम को व्यापक जनसहयोग एवं जनसहभागिता मिली।








