Buy Advt. Space

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

By

दुर्ग। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए फरार आरोपी सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹2,70,500/- की सामग्री एवं नगदी जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

मुखबिर सूचना पर दबिश

22 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि असरफ नगर तकियापारा स्थित एक मकान में क्रिकेट मैच के दौरान हार-जीत पर ऑनलाइन दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोहेल अहमद खान के मकान में दबिश दी।

मकान के ऊपरी कमरे में एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालन किया जा रहा था। पुलिस को देखकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दो व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया गया।

संगठित रूप से चल रहा था सट्टा नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। फरार आरोपी शाहिल कुरैशी उर्फ सोनू को बाद में पतासाजी कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

₹2.70 लाख की सामग्री जब्त

पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, चार्जर, लेखा कॉपी एवं ₹5000 नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹2,70,500/- आंकी गई है।

वैधानिक कार्रवाई

प्रकरण में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं 112(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध जुआ या सट्टा गतिविधि से दूर रहें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अवैध सट्टा संचालन में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Comment