दुर्ग। भारत की जनगणना 2027 के तहत चल रही स्व-गणना प्रक्रिया के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग के कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने स्वयं मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर नागरिकों को डिजिटल भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे लोग घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं। यह प्रणाली प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाती है।
कमिश्नर ने बताया कि पोर्टल पर पूछे गए प्रश्न सहज और सरल भाषा में हैं, जिन्हें कोई भी नागरिक आसानी से भर सकता है। स्व-गणना पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जो आगे के सत्यापन कार्य में सहायक होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि स्व-गणना चरण समाप्त होने के बाद 1 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिसके बाद जनगणना प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
नगर निगम दुर्ग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने स्व-गणना कर नागरिकों को डिजिटल भागीदारी का दिया संदेश




