Buy Advt. Space

पर्यटन बढ़े, लेकिन संस्कृति और धरोहर की गरिमा भी बनी रहे: सिद्धार्थ महाजन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, लोकगायक सिद्धार्थ महाजन एवं कलाकारों ने छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर कलाकारों से जुड़ी योजनाओं एवं आगामी कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान कलाकारों ने मंत्री का पारंपरिक पटका पहनाकर अभिवादन किया। साथ ही छत्तीसगढ़ एवं बस्तर के पर्यटन, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा तथा सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने को लेकर पत्र सौंपकर आवश्यक पहल की मांग की।

पर्यटन बढ़ने के साथ धरोहर संरक्षण पर जोर

नक्सली प्रभाव में कमी के बाद बस्तर सहित छत्तीसगढ़ में पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने के साथ विभिन्न प्राकृतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इन स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के साथ उनकी सांस्कृतिक पहचान एवं गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

सूचना बोर्ड और जागरूकता संदेश लगाने का सुझाव

पत्र के माध्यम से प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता एवं धरोहर संरक्षण संबंधी सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा कचरा और प्लास्टिक नहीं फैलाने के लिए जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा के अनुरूप शालीन पहनावे और मर्यादित व्यवहार की अपील किए जाने की मांग रखी गई।

स्थानीय युवाओं को जोड़कर ‘पर्यटन मित्र’ अभियान का प्रस्ताव

कलाकारों ने स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़कर ‘पर्यटन मित्र/धरोहर प्रहरी’ अभियान शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके माध्यम से पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा, धरोहर संरक्षण और पर्यटकों के बीच जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा सकता है।

अभियान में सहयोग के लिए संस्था तैयार

लोकगायक सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि संस्था और प्रशासन के सहयोग से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए वे तैयार हैं। उन्होंने कहा, “पर्यटन बढ़े, रोजगार बढ़े, लेकिन हमारी संस्कृति और धरोहर की गरिमा भी बनी रहे।”

Leave a Comment