Buy Advt. Space

ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम से अनंतपुर पुलिस ने दिया साइबर जागरूकता का संदेश

By

अमरावती बाजार में नृत्य, गायन, नाटक और भाषण के जरिए जागरूकता

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत थाना अनंतपुर पुलिस द्वारा अमरावती बाजार में साइबर जागरूकता थीम पर ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस बल के कलाकार जवानों के साथ स्थानीय कलाकारों एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नाटक, भाषण, वादन एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया। मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

ऑनलाइन ठगी के तरीकों से किया सावधान

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इनाम जीतने, लॉटरी, बिना ब्याज के लोन, नौकरी लगाने और ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने जैसे झांसे देकर की जाने वाली ऑनलाइन ठगी के संबंध में लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही डिजिटल अरेस्ट, म्यूल सिम और बैंक अकाउंट से जुड़े साइबर अपराधों की जानकारी भी दी गई।

OTP और संदिग्ध लिंक को लेकर बरतें सावधानी

लोगों को सलाह दी गई कि किसी के साथ OTP साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें और अनजान वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा किसी भी साइबर समस्या या शंका की स्थिति में नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की गई।

साइबर जागरूकता की ली शपथ

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और उपस्थित दर्शकों ने साइबर जागरूकता सेल्फी ली। इसके बाद सभी ने साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने और समाज को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने की शपथ ली। साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से भी उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर किया उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के समापन पर डीएसपी साइबर सेल कोण्डागांव श्री सिद्धार्थ बघेल एवं थाना प्रभारी अनंतपुर निरीक्षक विकास राय ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, व्यापारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, स्थानीय कलाकार एवं क्षेत्र के नागरिक शामिल हुए। व्यापक जनसहयोग और जनसहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस माकड़ी श्री सिद्धार्थ बघेल के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी अनंतपुर निरीक्षक विकास राय के नेतृत्व में किया गया।

Leave a Comment