रायपुर, छत्तीसगढ़ में किसानों की समस्याओं, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, जर्जर सड़कों, बढ़े बिजली बिल, नशे के बढ़ते कारोबार और आवारा मवेशियों के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। पार्टी की ओर से सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
किसानों की समस्याओं और एग्रीस्टेक का मुद्दा उठाया
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। पार्टी ने एग्रीस्टेक पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ कथित धोखा बंद करने की मांग की।
नेताओं ने महंगी यूरिया खाद सहित किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।
शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग
आप नेताओं ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और गिरते शैक्षणिक स्तर का मुद्दा उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। वहीं अस्पतालों में डॉक्टरों, आवश्यक दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
जर्जर सड़कों और आवारा मवेशियों का मुद्दा
पार्टी ने प्रदेश की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। साथ ही सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं और उनकी उचित देखरेख के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की गई।
आप नेताओं ने गौधाम योजना के नाम पर कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग भी रखी।
बढ़े बिजली बिल और नशे के कारोबार पर भी सरकार को घेरा
ज्ञापन में बिजली के बढ़े हुए दाम और कथित अनाप-शनाप बिलों से जनता को राहत देने की मांग की गई। इसके अलावा प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी उठाई गई।
पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को कार्यक्रमों के साथ-साथ जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान देना चाहिए।
आप की 7 प्रमुख मांगें
- एग्रीस्टेक पंजीयन प्रक्रिया सरल करने और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए।
- सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए।
- अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
- गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच तथा आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की व्यवस्था की जाए।
- जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए।
- बिजली के बढ़े दाम और अनाप-शनाप बिलों के संबंध में जनता को राहत दी जाए।
- बढ़ते नशे के कारोबार और मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
रायपुर में आप नेताओं ने सौंपा ज्ञापन
रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वालों में सूरज उपाध्याय, कलावती मार्को, अजीम खान, मिथलेश साहू, इमरान खान, घनश्याम तिवारी, संजय गुप्ता, शिव शर्मा, वीरेंद्र पवार, विकास दास मानिकपुरी सहित आम आदमी पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।








