छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद ! स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गरियाबंद में आज स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कलेक्टर श्री भगवान सिंह उइके के निर्देशानुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया।
सुबह 7 बजे पुलिस परेड ग्राउंड से कलेक्टर श्री उइके और पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। “देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने” का संदेश लिए स्कूली बच्चों, युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने पूरे जोश और जुनून के साथ भाग लिया।
दौड़ में खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड सदस्य, पुलिस जवान और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यह दौड़ पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर देवभोग रोड, जिला पंचायत, सर्किट हाउस होते हुए लगभग 1 किलोमीटर की दूरी तय कर पुनः पुलिस परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। प्रतिभागियों ने तिरंगे झंडे के साथ दौड़ लगाकर स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे त्याग, बलिदान और कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त, शिक्षित और जागरूक समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
गरियाबंद में स्वतंत्रता दौड़ का जोश, कलेक्टर और एसपी ने दिया एकता का संदेश








