ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद । हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता थीम के तहत जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आज व्यापक स्वच्छता अभियान और तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राष्ट्रभक्ति, नशामुक्ति और स्वच्छता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, सरपंच अनसुईया ध्रुव सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर कचरा संकलन और उसका उचित निपटान किया।
स्वच्छता अभियान के साथ तिरंगा रैली भी निकाली गई, जिसमें लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वच्छता और नशामुक्ति के महत्व से अवगत कराया गया। रैली के दौरान “स्वच्छ गांव, नशामुक्त समाज” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान (वर्ष 2020 से संचालित) के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक किया गया। जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर ने उपस्थित जनसमुदाय को शपथ दिलाई कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएंगे, गीले-सूखे कचरे का अलग निपटान करेंगे, जल संसाधनों का संरक्षण करेंगे, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे और नशे से दूर रहेंगे।
इस अवसर पर उप संचालक पंचायत एस.के नागेश, समाज कल्याण उप संचालक डी.पी ठाकुर, उद्योग महाप्रबंधक दीनबंधु ध्रुव, सांख्यिकी उप संचालक ओमप्रकाश देशमुख, डीएसपी गरिमा दादर, सीएमओ संध्या वर्मा, एसडीओ पीडब्ल्यू टी.एन दीवान, जिला परिवहन अधिकारी रविन्द्र ठाकुर, रोजगार अधिकारी अंजुम अफरोज, स्वच्छ भारत मिशन जिला समन्वयक परवेज हनफी, परियोजना अधिकारी बोधेश्वर साहू समेत अनेक अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
भूतेश्वरनाथ परिसर में स्वच्छता अभियान और तिरंगा रैली: जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति व स्वच्छता का संकल्प








