भिलाई : पुलिस विभाग में सेवा के साथ-साथ इंसानियत की मिसाल पेश करने वाले भट्टी थाना सेक्टर 3 में पदस्थ प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार (बैज नंबर 1260) ने अपने कर्तव्य के बाद भी मानवीय मदद कर सभी का दिल जीत लिया।
दरअसल, रात के समय भिलाई भट्टी क्षेत्र में ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे इंद्रजीत कुमार की नजर एक परेशान युवती पर पड़ी, जिसकी स्कूटी रास्ते में खराब हो गई थी। युवती सुनसान रास्ते पर गाड़ी बंद हो जाने से काफी घबराई हुई थी। यह देख प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार तत्काल उसके पास पहुंचे और हालचाल पूछते हुए समस्या को जाना।
मामला गाड़ी के ब्रेक फेल होने का था, जिस कारण स्कूटी आगे नहीं बढ़ रही थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रधान आरक्षक ने बिना देर किए मौके पर ही अपने हाथों से गाड़ी की मरम्मत कर दी। न सिर्फ गाड़ी को ठीक किया, बल्कि युवती को सुरक्षित उसके घर तक भी छोड़कर आए।
स्थानीय लोगों और युवती के परिजनों ने इंद्रजीत कुमार की इस तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की रक्षक नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहती है।
ड्यूटी के बाद भी मानवता की मिसाल बने प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार – रात में फंसी युवती की गाड़ी सुधारकर सुरक्षित पहुंचाया घर








