Buy Advt. Space

वार्षिक बोर्ड परीक्षा की तैयारी हेतु बैठक आयोजित

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव !  कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान की अध्यक्षता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, फरसगांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2023-24 के परिणामों की समीक्षा की गई, साथ ही प्री-बोर्ड परीक्षा 2024-25 के नतीजों का विश्लेषण कर आगे की रणनीति तय की गई।

बैठक में सभी प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को आगामी दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ पांचवीं एवं आठवीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को मजबूत करने एवं परीक्षा की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीति अपनाने पर जोर दिया।

इस समीक्षा बैठक में परीक्षा प्रभारी अशोक कुमार साहू, विकासखंड फरसगांव के सहायक खंड शिक्षा अधिकारी हंसराज सिन्हा, खंड स्त्रोत समन्वयक अशोक मरकाम तथा विकासखंड के समस्त प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान परीक्षा की सुचारू रूप से तैयारी सुनिश्चित करने और छात्रों के प्रदर्शन को सुधारने के लिए व्यापक चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं प्राचार्यों से अपील की कि वे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि जिले का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहे और छात्र भविष्य में सफलता हासिल कर सकें।

Leave a Comment